भाई का नाम अजगर रख दें?
कभी-कभी बच्चे ऐसी बातें कह देते हैं जिसको सुनकर हंसी आ जाती है। हमारे एक मित्र ने बताया कि उनके एक डॉक्टर मित्र के एक तीन साल के बेटे ने अपने होने वाले भाई का नाम अजगर रखने की बात किस मासूमियत से कही।
दरअसल इन डॉक्टर साहब के यहां एक और बच्चा होने वाला है, ऐसे में पति और पत्नी होने वाले बच्चे का नाम सोचने में लगे थे। ऐसे में उनका तीन साल का बेटा आ गया और पूछने लगा अपने मम्मी-पापा से की क्या हो रहा है। जब उसको बताया गया कि उसके होने वाले भाई या बहन के नाम के बारे में सोच रहे हैं। तो उसने पहले तो तपाक से कह दिया कि पापा अगर मेरी बहन होती है तो उसकी नाम झिंगुर रख देंगे और भाई होता है तो काकरोच रख देगे। उनकी बात सुन कर डॉक्टर साहब और उनकी श्रीमती जी हंसने लगे। ऐसे में उस तीन साल के मासूम को लगा कि लगता है मैंने छोटा नाम रख दिया है।
ऐसे में उसने कहा कि लगता है पापा ये नाम रखेंगे तो बाहर के लोगों को अच्छा नहीं लगेगा बाहर वालों के हिसाब से बड़ा नाम रखना पड़ेगा।। जब उसकी मम्मी ने पूछा कि बड़ा नाम क्या होगा, तो उसने कहा कि भाई के लिए अजगर नाम कैसा रहेगा? अब तो मियां-बीबी का हंसते-हसंते बुरा हाल हो गया। फिर उसको दोनों ने मिलकर समझाया कि बेटा इंसान के नाम जीव-जंतुओं पर नहीं रखते हैं। लेकिन यह बात उस मासूम की समझ में नहीं आ रही थी और वो पूछने लगा इंसानों के नाम जीव-जंतुओं के नामों जैसे क्यों नहीं रख सकते हैं? तब उसको पापा ने बताया कि बेटे बस नहीं रखा जाता है, जब तुम बड़े हो जाओगे तो यह बात आपकी समझ में आ जाएगी।

