राजनीति के साथ हर विषय पर लेख पढने को मिलेंगे....

सिरपुर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
सिरपुर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, जून 11, 2009

छत्तीसगढ़ में तीसरी शताब्दी का शिवलिंग

सिरपुर में मिले पुरातात्विक खजाने के बाद बिलासपुर मार्ग में शिवनाथ नदी के तट पर बसे मनकू द्वीप में भी हो रही खुदाई में पुरातात्विक खजाना मिलने लगा है। वहां खुदाई में तीसरी शताब्दी के शिवलिंग के साथ नंदी के भी मिलने की खबर है। इसके पहले वहां पर पाषाणकाल के औजार मिल चुके हैं।

छत्तीसगढ़ के सिरपुर को एक तरफ जहां विश्व धरोहर में शामिल करवाने की कवायद चल रही है और वहां पर लाल किले की तर्ज पर लाइट एंड साउंड शो करवाने की योजना है, तो दूसरी तरफ अब बिलासपुर मार्ग में शिवनाथ नदी से लगे मनकू द्वीप की खुदाई में कई ऐतिहासिक वस्तुएं मिलने लगी हैं। यहां पर चल रही खुदाई में पाषाणकाल, वैदिक काल से लेकर कल्चुरी काल के इतिहास के अवशेष मिलने की संभावना जताई जा रही है। पूर्व में यहां पर पाषाणकाल के कुछ औजार मिल चुके हैं। अब यहां पर एक तीसरी शताब्दी का शिवलिंग मिला है साथ ही नंदी भी है। इसके मिलने की खबर मिलने पर मनकू द्वीप में लोगों की भीड़ जुटने लगी है, सभी इतने पुराने शिवलिंग के दर्शन करने के लिए उतावले हो गए हैं। द्वीप के बीच से मिले शिवलिंग के बारे में बताया जा रहा है कि यह लगभग तीन फीट का है। साथ में मिला नंदी दो फीट का है। शिवलिंग तो साबूत है जबकि नंदी खंडि़त हो चुका है।

चूंकि यह द्वीप शिवनाथ नदी के तट पर है ऐसे में ऐसा अनुमान है कि यहां पर जरूर शिव का प्राचीन मंदिर रहा होगा जिसकी वजह से नदी का नाम शिवनाथ नदी पड़ा है। मनकू द्वीप में शिवलिंग मिलने के बाद अब और संभावना बढ़ गई है कि यहां पर प्राचीन काल से जुड़ीं कर्इं वस्तुएं मिल सकती हैं। अब तक जो भी वस्तुएं वहां मिली हैं उनकी वहां पर प्रदर्शनी भी लगा दी गई है ताकि बाहर से आने वाले इनको देख सकें। वैसे मनकू द्वीप अब तक ईसाई समुदाय की आस्था का केन्द्र रहा है। बैतलपुर के पास बसे इस द्वीप में हर साल ईसाई समुदाय का एक बड़ा मेला लगता है जिसमें शामिल होने के लिए प्रदेश से ही नहीं बल्कि दूसरे राज्यों के ईसाई समुदाय के लोग आते हैं। वैसे इस मेले में हर जाति धर्म के लोग भी जाते हैं लेकिन मेले को ईसाई समुदाय के मेले के नाम से ज्यादा जाना जाता है।

Read more...

शनिवार, अप्रैल 25, 2009

26 सौ साल पुराना शाही स्नानगृह मिला छत्तीसगढ़ में

छत्तीसगढ़ में सिरपुर एक ऐसा स्थान है जिसको मंदिरों की नगरी कहा जाता है। यहां पर कोई ऐसा घर नहीं होगा जहां एक मंदिर न हो। इसी के साथ सिरपुर का नाम आज देश-विदेश में पुरातात्विक संपदा के लिए भी जाना जाता है। यहां से लगातार पुरातात्विक संपदा मिल रही है। अब यहां पर एक 26 सौ साल पुराना शाही स्नानगृह मिला है जिसको पांडुवंशी काल का कहा जा रहा है। इस शाही स्नानगृह का उपयोग उस जमाने की रानियां किया करती थीं।
अपने छत्तीसगढ़ के सिरपुर में लगातार ऐसी-ऐसी पुरानी चीजें खुदाई में मिल रही हैं जिससे पुरातत्व विभाग के लोग भी आश्चर्य में हैं। सिरपुर आज पुरातात्विक संपदा के लिए लगातार लोकप्रिय हो रहा है। हाल के दिनों में काफी कुछ यहां मिला है। अब यहां पर एक दिन पहले ही एक शाही स्नानगृह मिलने की बात सामने आई है। इस शाही स्नानगृह के बारे में बताया जा रहा है कि पक्की ईटों से बने इस स्नानगृह में काफी नक्काशी की गई है। इस स्नानगृह तक पहुंचने के लिए तीन सीढिय़ां भी बनीं हुईं हैं। इन सीढिय़ों की लंबाई और चौड़ाई 80-80 सेंटीमीटर है। स्नानगृह में चारों तरफ पत्थर के स्तंभलगे हुए हैं। इन स्तंभों से ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि इसके ऊपर छप्पर रहा होगा ताकि छाया हो सके।
इस स्नानगृह के बारे में ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि यह 26 सौ साल पुराने पांडुवंशी काल का है। इस काल में इसका उपयोग रानियां शाही स्नान करने के लिए करती थीं। वैसे भी शाही शासनकाल में रानियों के लिए हर शासक ने ऐसे स्नानगृह बनवाएँ हैं जिसका उल्लेख इतिहास में मिलता है। पुराने जमाने में राजा-महाराजाओं में शाही स्नान का अलग ही महत्व हुआ करता था। खुदाई में इस स्नानगृह के अलावा घरों के उपयोग में आने वाली वस्तुएं मिली हैं जो कि पत्थरों की बनीं हैं। इन वस्तुओं में आटा-दाल दलने की चक्की, सिलबट्टे, चटनी बनाने के लिए पत्थर के बने छोटे-छोटे खरल शामिल हैं। खुदाई में जो कमरे मिले हैं उन कमरों में दो ओखलियां लगीं हुईं हैं। शाही स्नानगृह के मिलने से पहले पांच कुंड मिल चुके हैं। इन कुंडों का उपयोग अनाज रखने के लिए किया जाता था। अब जो मिला है वह शाही स्नानगृह है।
सिरपुर जो कि वास्तव में राष्ट्रीय धरोहर है उसके साथ एक विडंबना यह है कि इस धरोहर की रक्षा नहीं हो पा रही है। सिरपुर में हजारों साल पुरानी मूर्तियों हैं जो ऐसे ही पड़ी हुई हैं। सिरपुर में सुरक्षा का कोई इंतजाम न होने के कारण जहां पुरातात्विक संपदा के नष्ट होने का खतरा है, वहीं मूर्तियों के चोरी होने का भी अंदेशा है। एक बार सरकार का ध्यान इस तरफ दिलाने के लिए एक पत्रकार ने वहां से एक मूर्ति उठा ली थी, यह बताने के लिए की सुरक्षा के अभाव में हजारों साल पुरानी कीमती मूर्तियों को कोई भी चुरा सकता है, लेकिन इसके बाद भी सरकार ने आज तक इस दिशा में ध्यान नहीं दिया है।
बहरहाल सिरपुर एक ऐसा स्थान है जहां जाने के बाद किसी को निराशा नहीं होती है खासकर उनको तो कभी नहीं होती है जिनकी रूचि पुरातात्विक संपदा में है। सिरपुर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के महज 70 किलो मीटर की दूरी पर है, वहां तक पहुंचने के लिए रायपुर के आगे बस मिल जाती है। रायपुर तक आने के लिए देश के हर छोटे-बड़े शहर से ट्रेन मिल जाती है। वैसे बड़े शहरों से हवाई यात्रा की भी सुविधा है। कोई भी यहां आकर पुरातात्विक संपदा को देख सकता है। सिरपुर में रहने के लिए पर्यटन विभाग ने मोटल भी बनवाया है। वहां लोकनिर्माण विभाग का विश्राम गृह भी है।

Read more...
Related Posts with Thumbnails

ब्लाग चर्चा

मेरी ब्लॉग सूची

  © Blogger templates The Professional Template by Ourblogtemplates.com 2008

Back to TOP