राजनीति के साथ हर विषय पर लेख पढने को मिलेंगे....

पुलिस लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
पुलिस लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, सितंबर 08, 2009

अपराध से कोसों दूर एक गांव-जहां कभी नहीं पड़े पुलिस के पांव

क्या आप अपने देश में एक ऐसे गांव की कल्पना कर सकते हैं जहां पर अपराध न होता हों, न कोई शराब पीता हो, और जहां कभी पुलिस के पांव भी न पड़े हों। आपको कल्पना करने की जरूरत नहीं है हम आपको हकीकत में एक ऐसे गांव के बारे में बताने वाले हैं जो अपराध से अब तक अछूता है। इस गांव के सारे छोटे-बड़े मामले गांव की पंचायत में ही निपटा लिए जाते हैं। इस गांव में बरसों से युधिष्ठिर के आसन पर बैठकर सरपंच फैसला करते हैं।

हम यहां पर बात कर रहे हैं छत्तीसगढ़ के उस नक्सल क्षेत्र बस्तर के चारामा के एक गांव उड़कुडा की जहां पर आज तक पुलिस के पांव नहीं पड़े हैं और यहां का एक भी मामला कभी कोर्ट तक नहीं गया है। करीब ढाई हजार की आबादी वाले इस गांव में महर्षि वेद व्यास के संत स्वभाव और धर्मराज युधिष्ठिर की बड़ी छाप है। गांव वालें इन्हीं के चरण चिन्हों पर चल रहे हैं और कोई भी मामला आपस में मिलकर ही निपटा देते हैं। गांव का एक-एक आदमी इस बात को अच्छी तरह से जानता है कि पुलिस, कोर्ट-कचहरी के चक्कर से हासिल कुछ नहीं होता है, ऐसे में कोई भी मामला कोई कोर्ट तक ले जाने के बारे में सोचता ही नहीं है।

गांव में जहां पंचायत की बैठक में किसी भी मामले का फैसला किया जाता है, वहां पर संत महर्षि व्यास की मूर्ति है। इसी मूर्ति के पास में धर्मराज युधिष्ठिर का आसन है। यह आसन जोगी गुफा के पास है। इसी गुफा के बारे में कहा जाता है कि इसी गुफा में महर्षि व्यास अपने शिष्य युधिष्ठिर, भीम, अर्जुन, नकुल और सहदेव को ज्ञान देते थे। इस गुफा के पास आज भी शिष्यों के बैठने का स्थान है। युधिष्ठिर जहां पर बैठते थे, उस आसन का ग्रामीण बहुत सम्मान करते हैं। बताया जाता है कि अज्ञातवाश के समय पांडव बस्तर आए थे और यहां एक साल तक रहे थे।

अब इस गांव का कोई भी फैसला पंचायत में होता है तो इसका यह मतलब कदापि नहीं है कि यहां के लोग कम पढ़े-लिखे हैं। इस गांव से निकले कई लोग बड़े पदों पर भी हैं। गांव का कमलेश जूरी जज, जोहर कश्यप कमिश्नर, कोर्राम एसपी और श्याम लाल गोटा डॉक्टर हैं।

गांव में अपराध नहीं होते हैं तो उसका एक सबसे बड़ा कारण यह भी है गांव में कोई शराब नहीं भी नहीं पीता है। गांव में शराब पर पूरी तरह से बंदिश है। अगर कोई इस नियम को तोड़ता है और शराब पीकर हुल्लड़ करता है तो उसे पंचायत में पांच सौ रुपए का जुर्माना किया जाता है। इसी तरह से किसी के शराब पीने की जानकारी होने पर उसको 200 रुपए का अर्थ दंड दिया जाता है। हैं न एक सपनों का गांव। काश देश का हर गांव ऐेसा हो जाता तो कितना अच्छा होता।

Read more...

रविवार, जुलाई 26, 2009

रक्षक ही बना भक्षक

अचानक

राह के मध्य

भीड़ का हुजूम देखकर

उत्सुकतावश

हम उस और चल पड़े

देखा, नजारा बड़ा अजीब था

एक भयानक शक्ल-सूरत वाला गुंडा

एक असहाय अबला पर जोर आजमा रहा था

शायद उसे कहीं अपने साथ ले जाकर मनमानी करना चाहता था

वह अबला


आंसू भरी आंखों से

मदद की फरियाद कर रही थी


पर, भीड़ बिना टिकट का तमाशा देखने में लीन थी

अचानक

एक पुलिस वाला उधर आ निकला

उसने गुंडे को डरा-धमकाकर

कुछ ले-देकर चलता किया

फिर उस अबला को लेकर थाने की और चल पड़ा

हमारा कवि मन

अबला का हाल जानने के लिए उसके पीछे चल पड़ा

पुलिस वाला

अबला को लेकर थाने में घुस गया

हम बाहर खड़े काफी देर तक इंतजार करते रहे

अचानक

वह अबला थाने से दौड़ती हुई बाहर आई

और

वह उस ओर दौड़ी जिस तरफ रेलवे की लाइन थी

हम उसका इरादा भांप

उसके पीछे भागे

पर, हमें उस तक पहुंचने में कुछ देर हो गई

और, वह अबला अपने मकसद में कामयाब हो गई

ट्रेन के नीचे आकर वह इस दुनिया से कूच कर गई

लेकिन

उसके फटे कपड़े अब भी उसके साथ हुए

अत्याचार की कहानी बता रहे थे

और उसकी लाश के टुकड़े

कानून के रक्षकों के हंसी उड़ा रहे थे

(पटना की घटना को देखते हुए हमें यह बरसों पुरानी लिखी कविता याद आई जिसे हमने यहां पेश किया है)

Read more...

क्राइम रिपोर्टर या पुलिस के दलाल

मीडिया में इस समय क्राइम रिपोर्टिंग करने वाले रिपोर्टरों की छवि बिलकुल ठीक नहीं है। इनको एक तरह से पुलिस का दलाल कहा जाने लगा है। एक वह समय था जब क्राइम रिपोर्टर से पुलिस वाले खौफ खाते थे, लेकिन आज के क्राइम रिपोर्टरों में दम ही नहीं है कि वे पुलिस के खिलाफ कुछ लिख सकें। अगर वे ऐसा कुछ करते हैं तो उनको डर रहता है कि उनको खबरें ही नहीं मिलेंगी। इसी के साथ उनको यह भी डर रहता है कि अगर उनको किसी को छुड़ाना होगा तो पुलिस वाले उनकी बात नहीं सुनेंगे और उनकी दलाली बंद हो जाएगी। कुल मिलाकर आज के क्राइम रिपोर्टर रिपोर्टिंग नहीं पुलिस का रोजनामचा लिख रहे हैं और उनकी दलाली कर रहे हैं।

आज एक अखबार में अनारा गुप्ता वाले मामले में एक लेख पढऩे को मिला। वास्तव में इस लेख में जिस तरह से क्राइम रिपोर्टरों के बारे में लिखा गया था, वह सौ फीसदी सच है। आज के क्राइम रिपोर्टर सच में पुलिस के पीछे चलने वाले गुलाम से ज्यादा कुछ नहीं हैं। आज किसी क्राइम रिपोर्टर की अपनी कोई सोच नहीं रह गई है। पुलिस वाले जो उनको बता देते हैं, वही उनके लिए खबर है। कोई भी किसी खबर पर मेहनत ही नहीं करना चाहता है। आज कल तो कम से कम अपने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में यह परंपरा हो गई है कि शाम को रोज पुलिस कंट्रोल रूम में सारे अखबारों के रिपोर्टरों को बुलाया जाता है और चाय की चुश्कियों के बीच उनको दिन भर में हुई घटनाओं का एक-एक पर्चा थमा दिया जाता है। रिपोर्टर वो पर्चा लेकर आ जाते हैं और वही सब बातें लिख देते हैं जो पुलिस अपने रोजनामचे में लिखती है। किसी रिपोर्टर की किसी घटना में थोड़ी से रूचि होती है तो वह उसके बारे में कुछ विस्तार से जानने का प्रयास करता है, पर यह विस्तार ऐसा नहीं होता है जिससे यह लगे कि रिपोर्टर पुलिस से एक कदम आगे की जानकारी रखता है।

हमें याद है जब हम लोग आज से करीब दो दशक पहले क्राइम रिपोर्टिंग करते थे। यह तो वह जमाना था जब न तो मोबाइल की सुविधा थी और न ही कोई दूसरी। फिर भी हम लोगों का नेटवर्क इतना तगड़ा था कि कोई भी घटना होते ही प्रेस में या फिर घर पर फोन आ जाता था और हम सीधे कूच कर जाते थे घटना स्थल की और ताकि देख सकें कि वास्तव में माजरा क्या है। घटना को देखने के बाद पुलिस से जो जानकारी मिलती थी वो और खुद हम जो जानकारी एकत्रित करते थे, वो मिलाकर खबर बनाते थे। कई मौका पर ऐसा हुआ कि पुलिस को हमारी जानकारी के आधार पर जांच करने में सफलता मिली। हमें आज भी याद है जब हमने राजीव गांधी के हत्यारे शिवरासन के बारे में खबर प्रकाशित की थी, तो उस खबर पर 8 पुलिस वाले निलंबित हो गए थे। इस खबर के बारे में हम पहले काफी विस्तार से लिख चुके हैं। हमने अपने शहर में अनिल पुसदकर जैसे भी क्राइम रिपोर्टर देखें हैं जिनके लेखन से हमेशा पुलिस में दहशत रही है। क्या उनको कभी किसी पुलिस वाले ने खबर न बताने की हिम्मत की? अनिल जी भी इसलिए दमदारी से लिखते थे कि उनको कोई पुलिस ने पैसे तो खाने नहीं रहते थे, न ही अपना कोई काम करना रहता था। हमें याद है कि हम जब क्राइम रिपोर्टिंग करते थे तो हम कभी भी किसी थाने में जाकर किसी थाने के प्रभारी के पास जाकर नहीं बैठे। हमारी दोस्ती सिपाहियों से ज्यादा रही। असल में खबरें बताने का काम यही करते हैं।

आज के क्राइम रिपोर्टरों की बात करें तो कोई भी रिपोर्टर एसपी से नीचे की बात नहीं करता है। एसपी अगर खबरें बताने लगे तो उनका ही निकाला हो जाएगा पुलिस विभाग से। एसपी तो बस आपको चाय पिला सकते हैं। और आज के रिपोर्टर सुबह को चाय और शाम को ठंड़ी चाय के आदि हो गए हैं। खबरें मिलती हैं कि एक ढाबे में एक आला अधिकारी क्राइम रिपोर्टरों को काकटेल पार्टी दे रहे हैं। यह सब रूटीन है, अगर आप क्राइम रिपोर्टर हैं और पीने का शौक रखते हैं तो आप भी आमंत्रित हैं, काकटेल पार्टी में। अब जनाब आप पुलिस वालों की दारू पिएंगे और उनका खाना खाएंगे तो फिर उनके खिलाफ लिखेंगे कैसे? लिखेंगे तो आप वही न जो पुलिस वाले बताएंगे। आपके अपने सोर्स तो ऐसे हैं नहीं कि आपको पुलिस वालों से ज्यादा जानकारी मिल सके। अगर ऐसे सोर्स रखने का दम आपमें है, तो जरूर पुलिस वाले भी आपके आगे-पीछे घुमेंगे। आज स्थिति यह है कि आज किसी रिपोर्टर को पुलिस से कोई जानकारी चाहिए होती है तो वह पुलिस वालों के आगे-पीछे कई दिनों तक घुमता है तब जाकर जानकारी मिलती है। कारण साफ है, आपकी नीयत और काम करने का तरीका दोनों साफ नहीं है। आप में अगर दम है तो पुलिस का कोई भी आला अफसर आपके एक इशारे पर सारा काम छोड़कर आपके द्वारा मांगी गई जानकारी हाजिर कर देगा। लेकिन पुलिस वाले जानते हैं कि आज के रिपोर्टरों में दम नहीं है। ऐसे में वे आपकी क्यों सुनने लगे।

Read more...

गुरुवार, जुलाई 09, 2009

पुलिस वाले सायरन बजाकर मचाते हैं शोर-ताकि सतर्क हों और भाग जाए चोर

रात के अंधेरे को चीरती हुई आपकी कालोनी में पुलिस जीप के सायरन की आवाज जब आपके कानों में पड़ती है तो आपको काफी सकुन मिलता होगा कि चलो यार पुलिस वाले बेचारे रात में भी अपना काम कितनी ईमानदारी से कर रहे हैं और चोर पर नजरें रखने के लिए गश्त कर रहे हैं। लेकिन क्या कभी आपने इस बात पर गौर किया है कि आखिर पुलिस वाले सायरन बचाते हुए ही क्यों निकलते हैं। इसका सीधा का गणित तो यह है कि पुलिस वाले अपने चोर भाईयों को यह बताते हैं कि भाई हम आ गए हैं और तुम लोग सर्तक हो जाओ और इससे पहले कि किसी के कहने पर तुम लोगों को पकडऩा पड़े भाग लो।
पुलिस वालों की गाड़ी के सायरन की आवाज हम भी बचपन से सुनते आ रहे हैं। तब हमें भी ऐसा कुछ लगता था कि पुलिस वाले बड़े ईमानदार हैं और रात को चोरों को पकडऩे निकलते हैं। उनके सायरन बजाने का कारण पहले यही लगता था कि कोई चोर अगर कहीं चोरी करने जा रहा हो तो वह भाग जाए और किसी के घर में चोरी की वारदात न हो। लेकिन यह गणित अब उलटा हो गया है। अब हमें जो समझ आता है उसके मुताबिक तो पुलिस वाले चोरों को सर्तक करने के लिए ही सायरन बचाते हैं ताकि चोर भाग जाए और पकड़े न जाए। अगर चोर पकड़े गए तो उनके कमीशन का क्या होगा। अक्सर ऐसा कहा जाता है कि किस इलाके में किसी घर में कब चोरी होने वाली है इसकी सारी जानकारी अपने पुलिस वालों को पहले से रहती है। एक बार का एक किस्सा याद आ रहा है एक विदेशी ने एक भारतीय को बताया कि हमारे देश में तो कोई चोरी हो जाए तो हमारी पुलिस एक दिन में चोर तक पहुंच जाती है। विदेशी की इस बात पर भारतीय ने जवाब दिया तो इसमें कौन सी बड़ी बात है हमारी पुलिस तो एक घंटे में ही चोर तक पहुंच जाती है अरे पहुंच क्या जाती है उसे तो चोरी होने से पहले ही मालूम रहता है कि कहां चोरी होने वाली है। किसी चोर को पकडऩा तक पुलिस की मजबूरी हो जाती है जब किसी बड़ी पहुंच वाले आदमी के घर पर चोरी होती है।
इसमें कोई दो मत नहीं है कि अपनी भारतीय पुलिस भरोसे के लायक नहीं है। अब इसमें दोष किसका है यह अलग मुद्दा है। लेकिन इतना तो तय है कि अपने देश में जितनी भी अपराधिक घटनाएं कम से कम चोरी और लुट की होती हैं उसके बारे में पुलिस को मालूम रहता है। पुलिस वाले ही तो जुआ और सट्टे के कारोबार अपने संरक्षण में चलवाते हैं। वरना क्या मजाल है कि कोई भी शातिर पुलिस वालों की बिना अनुमति के किसी इलाके में रह सके और कोई वारदात कर सके। पुलिस को हफ्ता दिए बिना कोई भी बदमाश जी ही नहीं सकता है। जब पुलिस हफ्ता लेती है तो उसको उस हफ्ते के प्रति तो ईमानदार रहना ही है, भले वह अपनी वर्दी के प्रति ईमानदार न रहे।

Read more...

रविवार, जून 21, 2009

ये कैसी मां...

मां को तो ममता की मूर्ति और न जाने क्या-क्या कहा जाता है। मां से बढ़कर इस दुनिया में और कोई नहीं होता है। एक तरफ जहां दुनिया में अच्छी मांओं की कमी नहीं है, वहीं कुछ मांएं ऐसी भी होती हैं जो अपने ही बच्चे का गला घोट देती हैं। ऐसी मांएं ज्यादातर वो होती हैं जो बच्चों को जायज नहीं बल्कि नाजायज तरीके से जन्म देती हैं और समाज के डर से उनका गला घोट कर फेंक देती हैं किसी कचरे के डिब्बे में। ऐसी की किसी निर्दयी मां ने अपने नवजात को रायपुर के पुजारी पार्क की एक नाली में फेंकने का काम किया। इसकी खबर लगने पर वहां से पुलिस से उस नवजात का शव बरामद किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में लगी है कि उस नवजात को किसने जन्म देकर फेंकने का काम किया है। वैसे इस तरह की घटनाएं देश में कहीं भी होती रहती हैं।

Read more...

सोमवार, अप्रैल 27, 2009

राजीव गांधी के हत्यारे की एक खबर से निपटे आठ पुलिस वाले

लिब्रेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम यानी लिट्टे का अध्याय अब समाप्ति की ओर वाला एक लेख हमें अभी कल ही एक अखबार में पढऩे को मिला। इसी के साथ लिट्टे को लेकर लगातार खबरें आ रही हैं कि अब उसका अंत निकट है। इस एक अच्छी खबर ने ही अचानक हमारे मानसपटल पर अपनी एक उस खबर की याद दिला दी जिस खबर के कारण आठ लापरवाह पुलिस वाले निलंबित किए गए थे। हुआ कुछ यूं था कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के हत्यारों में शामिल काने शिवरासन के रायपुर से गुजरने की खबर को रेलवे पुलिस वालों ने गंभीरता से लिया और इस खबर को हमने प्रमुखता से प्रकाशित किया जिसके कारण वो सारे आठ पुलिस वाले निलंबित कर दिए गए जो इस मामले को गंभीरता से न लेने के दोषी थे।

बात आज से करीब डेढ़ दशक से पहले की है। यह वह समय था जब देश के प्रधानमंत्री राजीव गांधी की लिट्टे ग्रुप के सदस्यों ने हत्या कर दी थी। इस हत्या में शामिल एक आरोपी काना शिवरासन था। इस आरोपी के बारे में उस समय देश के हर राज्य के हर शहर की पुलिस को यह सूचना दी गई थी कि शिवरासन से मिलती-जुलती शक्ल के आदमी को गिरफ्तार किया जाए। शिवरासन के उस समय कम से कम एक दर्जन ऐसे कैरीकेचर जारी किए गए थे जिस शक्ल में वह हो सकता था। ऐसे में ही रायपुर जीआरपी को बिलासपुर से यह सूचना मिली थी कि अहमदाबाद एक्सप्रेस में शिवरासन से मिलती-जुलती शक्ल का एक आदमी देखा गया है उसकी जांच की जाए। उन दिनों हम रायपुर के समाचार पत्र दैनिक अमृत संदेश में सिटी रिपोर्टर के रूप में काम करते थे और रेलवे का बीट हमारे जिम्मे था। अपने रूटीन के मुताबिक जब शाम को रेलवे स्टेशन गए तो हमारे वहां पहुंचने से कुछ समय पहले ही अहमदाबाद एक्सप्रेस प्लेटफार्म से रवाना हुई थी।

हम स्टेशन के अंदर जैसे ही घुसे तो हमें जीआरपी के जवान मिले जिन्होंने हमें कहा , क्या भईया कुछ समय पहले आते तो देखते यहां से काना शिवरासन गया। हमने उनसे जब पूरा किस्सा पूछा तो उन्होंने बताया कि बिलासपुर से खबर आई थी कि अहमदाबाद में शिवरासन जैसा एक आदमी देखा गया है। हमने उनसे पूछा कि आप लोगों ने क्या किया तो उन्होंने बताया कि भाई साहब अब हम क्या करते, हम लोगों ने जब उस डिब्बे में देखा तो एक आदमी शिवरासन जैसा लग तो रहा था, पर हम लोगों की हिम्मत उससे कुछ पूछने की इसलिए नहीं हुई क्योंकि हमको मालूम था कि शिवरासन के पास ताबीज की शक्ल में साइनाइट है अगर वह खा लेता तो हमारा क्या होता। उनसे जब पूछा गया कि क्या इस मामले की खबर आलाअफसरों को दी गई तो उन्होंने बताया कि किसी को खबर नहीं की गई और एक एएसआई के साथ सात सिपाहियों ने डिब्बे में जाकर देखा था। उनकी इस बात पर हमें काफी गुस्सा आया कि देश के प्रधानमंत्री के हत्यारे का मामला है और उसको भी पुलिस वालों ने गंभीरता से नहीं लिया और किसी आला अफसर को सूचना देना भी जरूरी नहीं समझा।

बहरहाल वह खबर लेकर हम प्रेस आ गए और अपने सिटी चीफ को इस बात की जानकारी देते हुए खबर बना दी। खबर के लिए जब रेलवे पुलिस अधीक्षक से संपर्क किया गया तो उन्होंने इस तरह की किसी भी जानकारी से इंकार किया और बाद में जानकारी देने की बात कही। जब उनको मामले की गंभीरता को बताया गया तो उन्होंने कई घंटों बाद रात के 12 बजे के बाद इस बात की जानकारी दी कि बिलासपुर से ऐसी सूचना तो आई थी इस मामले में जीआरपी ने क्या किया है इसकी जानकारी कल देंगे। उनका पक्ष लेकर खबर प्रकाशित करने के लिए भेजी गई। यहां पर हमने एक काम यह किया कि यह खबर और किसी अखबार को न मिल सके इसके लिए हमने संपादक से आग्रह करके खबर को पहले संस्करण में न छापने को कहा। होता यह है कि दूसरे अखबार वाले हर अखबार का बस्तर का संस्करण मंगवा लेते हैं ताकि देख सकें कि कोई महत्वपूर्ण खबर छूटी तो नहीं है। उस दिन बस्तर संस्करण के बाद के संस्करणों में खबर लगने के कारण दूसरे अखबारों को इस खबर की भनक भी नहीं लगी। दूसरे दिन खबर के छपते ही हंगामा मच गया। राजीव गांधी के हत्यारे के रायपुर से गुजरने की खबर काफी बड़ी थी।

इस खबर के कारण जहां दूसरे अखबार के सिटी रिर्पोटरों की क्लास लगी, वहीं रेलवे एसपी को अंतत: उन सभी आठ पुलिस वालों को निलंबित करना पड़ा। इन सबके निलंबन की जानकारी भी रेलवे एसपी ने सिर्फ हमें दी। इस खबर के बाद भी दूसरे अखबार के सिटी रिर्पोटरों की खूब खींचाई हुई। आज भी जब हमारे कुछ जूनियर साथी रेलवे में रिपोर्टिंग करने जाते हैं तो पुराने पुलिस वाले जहां हमारे बारे में पूछते हैं, वहीं उनको पुलिस वाले ही बताते हैं कि कैसे एक खबर में आठ पुलिस वाले निलंबित हुए थे। हमारे जूनियर जब हमसे आकर उस खबर के बारे में पूछते हैं तो हम उनको बताते हैं। इसी के साथ हमें इस बात पर गर्व होता है कि हमारी एक खबर को आज भी लोग बरसो बाद याद करते हैं और जब जूनियरों को इस खबर के बारे में मालूम होता है तो वो जानने को उत्सुक हो जाते हैं कि आखिर वह खबर क्या थी। वैसे भी पत्रकारों के जीवन में काफी कम ऐसे अवसर आते हैं जब उनकी खबरों को बरसों याद किया जाता है। आज उस बात को इतने साल हो गए, लेकिन इसके बाद भी हमें उस खबर की एक-एक बात याद है। हम उस खबर को भूल भी कैसे सकते हैं यह खबर तो हमारे पत्रकारिता जीवन की यादगारों खबरों में से सबसे अहम खबर है। वास्तव में अगर लिट्टे का अंत हो जाता है तो इससे बड़ी खबर पूरे विश्व के लिए कोई और नहीं हो सकती है।

Read more...
Related Posts with Thumbnails

ब्लाग चर्चा

मेरी ब्लॉग सूची

  © Blogger templates The Professional Template by Ourblogtemplates.com 2008

Back to TOP