राजनीति के साथ हर विषय पर लेख पढने को मिलेंगे....

गुरुवार, जून 02, 2011

प्रशिक्षण से निखरेगी छत्तीसगढ़ की तरुणाई

हमारे प्रदेश लॉन टेनिस संघ से प्रदेश की तरुणाई को निखारने के लिए राष्ट्रीय कोच साजिद लोधी को यहां बुलाया है। हम प्रदेश की प्रतिभाओं को निखारने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। इस प्रशिक्षण शिविर के बाद लगातार राष्ट्रीय और राज्य स्तर की स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा।
ये बातें प्रदेश लॉन टेनिस संघ के अध्यक्ष विक्रम सिंह सिसोदिया ने विशेष प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन अवसर पर कहीं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने में मदद मिले इसलिए हमारा संघ पिछले साल से राष्ट्रीय प्रशिक्षक की सेवाएं लेकर प्रतिभाओं को निखारने का काम कर रहा है। हमारा ऐसा मानना है कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभााएं राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर राज्य का नाम रौशन कर सकती हैं। अपने राज्य की प्रतिभाओं को बस मार्गदर्शन की जरूरत है। वैसे तो अपने राज्य में भी अच्छे प्रशिक्षकों की कमी नहीं है, वे मेहनत करके खिलाड़ियों को तैयार करने में जुटे हैं। लेकिन जब खिलाड़ियों के बीच में कोई राष्ट्रीय स्तर का कोच आता है तो इससे खिलाड़ियों का मनोबल और बढ़ता है। हमने देखा है पिछले साल जब हमने पूर्व डेविस कप खिलाड़ी अख्तर अली के साथ राष्ट्रीय कोच सुखबीर सिंह को बुलाया था तो इनसे प्रशिक्षण लेकर प्रदेश के खिलाड़ियों का खेल निखरा है। आज खिलाड़ियों के बीच पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और राष्ट्रीय कोच साजिद लोधी हैं। इनसे खेल की   बारीकियों को सीखने का मौका यहां पर चुने हुए 30 खिलाड़ियों को मिलेगा। हमें उम्मीद है कि इस प्रशिक्षण शिविर के बाद जब हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय स्पर्धाओं में खेलेंगे तो उनका खेल एक अलग मुकाम पर नजर आएगा।
राष्ट्रीय कोच साजिद लोधी ने कहा कि यह अच्छी बात है कि छत्तीसगढ़ राज्य छोटा राज्य होने के बाद बाहर से कोच बुलाकर खिलाड़ियों को निखारने का काम कर रहा है। खिलाड़ियों को एक तो मेहनत पर ध्यान देना चाहिए और अपने राज्य में उपलब्ध सुविधाओं का फायदा उठाना चाहिए।
लॉन टेनिस को गोद लेने वाले उद्योग शारडा एनर्जी के पंकज शारडा ने कहा कि मुझे खुशी है कि हमारे उद्योग को लॉन टेनिस का जिम्मा मिला है। मैं खुद लॉन टेनिस का खिलाड़ी रहा हूं। मैंने अपने स्कूल आरके शारडा विद्या मंदिर में टेनिस के दो सिंथेटिक कोर्ट बनवाए हैं। ये कोर्ट फ्लड लाइट वाले सर्वसुविधायुक्त हैं। इनका उपयोग हमारे स्कूल के खिलाड़ी भी करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में टेनिस को बढ़ाने के लिए जो मदद होगी, मैं करूंगा। इस अवसर पर लॉन टेनिस संघ के सचिव गुरुचरण सिंह होरा, डॉ. अजय पाठक, चर्तुभुज अग्रवाल, आशीष सर्राफ, रूपेन्द्र सिंह चौहान सहित संघ के पदाधिकारी और खिलाड़ी उपस्थित थे।

Read more...
Related Posts with Thumbnails

ब्लाग चर्चा

मेरी ब्लॉग सूची

  © Blogger templates The Professional Template by Ourblogtemplates.com 2008

Back to TOP