राजनीति के साथ हर विषय पर लेख पढने को मिलेंगे....

सोमवार, अगस्त 01, 2011

सबा अंजुम भी उत्कृष्ट खिलाड़ियों में शामिल

प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची में अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सबा अंजुम को भी शामिल किया गया है। सबा के अलावा अन्य 45 पात्र खिलाड़ियों के नाम भी तय हो गए हैं। अब खिलाड़ियों की सूची मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के अनुमोदन के बाद जारी होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की चयन समिति की बैठक मंत्रालय में हुई। बैठक में दावेदार 153 खिलाड़ियों के आवेदनों पर चर्चा के बाद नियमानुसार 46 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी बनने के लिए पात्र पाया गया है। इन खिलाड़ियों में भारतीय हॉकी टीम की कप्तान सबा अंजुम भी शामिल हैं। सबा अंजुम को शहीद राजीव पांडे पुरस्कार मिलने के कारण पात्र माना गया। यहां यह बताना लाजिमी होगा है सबा अंजुम पिछले साल से ही अपने राज्य में लौटकर नौकरी करने की इच्छा मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के सामने जाहिर कर चुकी हैं। उनको राज्य में नौकरी देने की मुख्यमंत्री की मंशा को देखते हुए ही उत्कृष्ट खिलाड़ियों में शामिल किया गया है। अब सबा के लिए राज्य में वापसी की राह आसान हो जाएगी।
खेल संचालक जीपी सिंह ने बताया कि बैठक में 31 मार्च 2010 तक आवेदन करने वाले खिलाड़ियों को शामिल किया गया था। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के साथ शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, खेल मंत्री लता उसेंडी, सामान्य प्रशासन की सचिव निधि छिब्बर, खेल सचिव सुब्रत साहू और खेल संचालक जीपी सिंह शामिल हुए।
पंकज विक्रम वालों पर चर्चा नहीं
बैठक में पंकज विक्रम पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ियों के आवेदनों पर चर्चा नहीं की गई। खेल संचालक जीपी सिंह ने बताया कि अभी इन खिलाड़ियों की पात्रता तय नहीं हो सकी है। सामान्य प्रशासन ने एक समिति बनाई है, इस समिति के फैसले के बाद ही यह तय होगा कि पंकज विक्रम पुरस्कार पाने वाले उत्कृष्ट खिलाड़ी के लिए पात्र हैं या नहीं। उन्होंने बताया कि वैसे भी जब 2009-10 के उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए विज्ञापन का प्रकाशन किया गया था, उसमें पंकज विक्रम पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ियों का कोई उल्लेख नहीं था। 

Read more...
Related Posts with Thumbnails

ब्लाग चर्चा

मेरी ब्लॉग सूची

  © Blogger templates The Professional Template by Ourblogtemplates.com 2008

Back to TOP