अजय झा जी से हो गई चर्चा - हुआ महज 3.60 पैसे ही खर्चा
अजय झा जी के ब्लाग बिरादरी से अलविदा करने के किस्से के बाद हम भी लगातार उनसे फोन पर सपंर्क करने की कोशिश कर रहे थे। अचानक कल रात को बीएस पाबला के ब्लाग में नजरें पड़ीं तो मालूम हुआ कि झा जी के ब्लाग बिरादरी को छोडऩे का वास्तविक झोल क्या है। हमने तब सोचा यार चलो एक बार फिर से झा जी के मोबाइल पर कोशिश करके देखते हैं। कोशिश की फोन नहीं लगा। हमने पाबला जी से पूछा तो उन्होंने बताया कि झा जी तो आन लाइन है। लेकिन हमें चेटिंग का न तो कोई शौक है और न ही ये हमारी समझ में आती है। ऐसे में हमने फिर से उनका फोन खटखटा दिया। इस बार फोन उठाया गया और उधर से संभवत: भाभी जी की आवाज आई कि झा जी किसी काम से नीचे गए हैं। आधें घंटे में आ जाएंगे। हमने 20 मिनट बाद ही फिर से फोन खटखटा दिया। इस बार झा जी आवाज हमारे कानों में टकराई।
फिर शुरू हुआ बातों का सिलसिला। ये हमारा झा जी से पहला वार्तालाप था। उनसे ब्लाग बिरादरी में उनके नाम से फैली गलतफहमी से शुरू हुई बातें उनके छत्तीसगढ़ आने की बातों से लेकर उनके हमें दिल्ली आने के आमंत्रण के साथ कोई 6 मिनट के समय में काफी बातें हो गईं। उन्होंने हमें दिल्ली आने कहा तो हमने उनको बताया कि हम करीब 23 साल पहले 1986 में और फिर इसके दो साल बाद 1988 में भी दिल्ली सायकल से गए थे। हमने दो बार उत्तर भारत की सायकल यात्रा की है, इसके बाद दिल्ली जाने का मौका नहीं लगा है। हमने उनको बताया कि अपनी सायकल यात्रा के संस्मरण हम ब्लाग में लिखना चाहते हैं, पर समय नहीं मिल पाता है, ऐसे में झा जी ने तपाक से कहा कि राज भाई आप नहीं लिख पा रहे हैं तो हमें कहें हम लिख देगे। उनका पहली बार में इतना अपनापन देखकर ही हमें समझ में आ गया कि क्यों कर ब्लाग बिरादरी उनके ब्लाग जगत को अलविदा कहने से व्याकुल हो गई थीं।
अंत में हम वह बात तो बताना भूले ही रहे हैं जो बात हमने हेडिंग में लिखी है। यानी झा जी से हुई चर्चा में हमें मात्र 3 रुपए 60 पैसे लगे। हमने उनसे महज 6 मिनट बातें कीं और इन 6 मिनट में काफी बातें हो गईं। उनसे लगातार बातें करने का वादा करके हम प्रेस के काम में जुट गए। मन तो और बातें करने का था, पर प्रेस के काम के कारण संभव नहीं था। लेकिन झा जी से बातें करना अच्छा लगा। वास्तव में अपनी ब्लाग बिरादरी के मित्रों से संवाद करना कितना सुखद हो सकता है इसका अनुमान लगाना मुश्किल है। हम तो चाहते हैं सभी ब्लागर मित्रों को समय निकालकर एक-दूसरे से बातें करते रहना इससे प्यार और स्नेह बढ़ता है।





