अश्लीलता पर सरकारी फंदा
सायबर कैफे ज्यादातर इसलिए बदनाम हैं कि वहां पर जाकर आज के युवा इंटरनेट पर ज्ञान की बातें जानने का काम कम और अश्लील साइट देखने का काम ज्यादा करते हैं। यही नहीं कई साइबर कैफे तो प्रेमी युगल को मिलने का स्थान देने का काम करते हैं। सायबर कैफे में प्रेमी युगलों की कई आपत्तिजनक तस्वीरें खींच कर उनको ब्लैकमेल करने का काम भी कई सायबर कैफे करते रहे हैं। कुल मिलाकर सायबर कैफे को अश्लीलता फैलाने के नाम से ज्यादा जाना जाता है। पर अब यह सब काम सायबर कैफे में नहीं हो सकेगा क्योंकि अश्लीलता फैलाने वाले ऐसे सायबर कैफे पर शिकंजा कसने का काम छत्तीसगढ़ सरकार ने किया है और ऐसे कड़े नियम बना दिए हैं कि अब कोई भी कम से कम सायबर कैफे में ऐसे किसी साइट को नहीं खोल पाएगा जिस साइट में अश्लीलता होती है। इसी के साथ सायबर कैफे में होने वाले दूसरे अपराधों पर भी रोक लगेगी। छत्तीसगढ़ सरकार से पूरे प्रदेश में सायबर कानून लागू कर दिया है। इस कानून के कारण अब यह लगता है कि गलत तरीके से सायबर कैफे से कमाई कराने वालों की सामत आनी तय है। अभी से कई सायबर कैफे बंद होने की तैयारी में हैं।
सायबर कैफे का उपयोग करने वाले ज्यादातर स्कूल-कॉलेज के ऐसे किशोर और युवा हैं जो अपने-स्कूल कॉलेज से गोल मारकर यहां जाते हैं और सायबर कैफे में बैठकर उन गंदी साइट्स को देखने का काम करते हैं जो साइट्स अश्लीलता परोसने का काम करते हैं। इसी के साथ सायबर कैफे में ज्यादातर कैफे केबिन भी उपलब्ध कराते हैं। ये केबिन महज 20 से 25 रुपए घंटे के किराए में उपलब्ध हो जाते हैं। ऐसे में इन केबिन का उपयोग ऐसे प्रेमी युगल ज्यादा करते हैं जिनके पास मिलने के लिए कोई ठिकाना नहीं रहता है। इतना सस्ता ठिकाने उनको और कहां मिल सकता है। ठिकाने के साथ इंटरनेट पर मनचाही साइट देखने का भी मजा। जब कोई प्रेमी युगल सायबर कैफे में बैठकर साइट्स के साथ दुगना मजा लेने में मस्त रहते हैं तो उनकी वीडियो फिल्म बनाने का काम करने में सायबर कैफे वाले मस्त रहते हैं। इसके बाद प्रारंभ होता है उनको ब्लैकमेल करने का सिलसिला। चूंकि प्रेमी युगल गलत रहते हैं इसलिए उनको ब्लैकमेलरों की हर जायज और नाजायज बात माननी पड़ती है। यहां पर सबसे ज्यादा परेशानी लड़कियों को होती हैं। उनके साथ न जाने क्या-क्या घटता है। सायबर कैफे में बैठकर अश्लील साइड देखने वाले नाबालिगों की भी कमी नहीं है। स्कूल के कई नाबालिग लड़के और लड़कियां इन सायबर कैफे के केबिनों में देखे जा सकते हैं। जिन भी कैफे में ऐसे किशोर या युवा जाते हैं उन कैफे के सर्वे से यह बातें एक बार नहीं कई बार सामने आई हैं कि उन कैफे में ये किशोर और युवा किसी शिक्षा की जानकारी लेने नहीं बल्कि अश्लील साइट देखने ही जाते हैं। वैसे भी सायबर कैफे वालों को अपने पैसों से मतलब रहता है उनको इस बात से कोई सरोकार नहीं रहता है कि उनका ग्राहक क्या कर रहा है। संभवत: यही वजह भी रही है कि सायबर कैफे से ही कई तरह के अपराध होते हैं।





